Entertainment

‘Baby Do Die Do’ का दमदार टीजर रिलीज, किलर के किरदार में दिखीं हुमा कुरैशी

बॉलीवुड अभिनेत्री Huma Qureshi की बहुप्रतीक्षित फिल्म बेबी डू डाई डू’ का टीजर रिलीज हो गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म में हुमा एक मूक-बधिर महिला के बेहद इंटेंस और रहस्यमयी किरदार में नजर आ रही हैं। टीजर की शुरुआत एक लड़की के वॉयसओवर से होती है, जो अपनी हत्या की कहानी बताते हुए अपनी गूंगी-बहरी बहन का जिक्र करती है। इसके बाद हुमा का किरदार सामने आता है, जो एक के बाद एक हत्याएं करता दिखाई देता है।

टीजर में कहानी की पूरी झलक तो नहीं मिलती, लेकिन संकेत मिलते हैं कि हुमा का किरदार अपनी बहन की मौत का बदला लेने के मिशन पर है। खास बात यह है कि वह अपने साथ हमेशा एक छाता रखती है और उसी को हथियार बनाकर लोगों को निशाना बनाती दिखाई देती है। शहर में उसके खौफ का माहौल दिखाया गया है, जिससे फिल्म के सस्पेंस और थ्रिलर तत्वों का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिल्म का निर्देशन Nachiket Samant ने किया है, जबकि इसके निर्माता हुमा के भाई Saqib Saleem हैं। फिल्म में Chunky Panday भी अहम भूमिका में नजर आएंगे, जिनकी टीजर में एक छोटी सी झलक दिखाई गई है। टीजर में हुमा का गंभीर और दमदार अंदाज दर्शकों को काफी प्रभावित कर रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि बेबी डू डाई डू’ का बॉक्स ऑफिस पर संभावित मुकाबला Alpha से हो सकता है, जिसमें Alia Bhatt और Sharvari Wagh मुख्य भूमिकाओं में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘अल्फा’ की रिलीज डेट 10 जुलाई से बदलकर 3 जुलाई किए जाने की संभावना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। यदि ऐसा होता है, तो जुलाई के पहले सप्ताह में बॉक्स ऑफिस पर एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।