अगर आप छुट्टियों में किसी ऐसी जगह की तलाश कर रहे हैं जहां शांति, प्राकृतिक सुंदरता और सुकून का अनोखा मेल हो, तो मिजोरम की राजधानी आइजोल आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। बड़े शहरों की भीड़भाड़, ट्रैफिक जाम और लगातार बजते हॉर्न से दूर यह शहर अपनी शांत जीवनशैली और अनुशासित ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पूरे देश में अलग पहचान रखता है।
भारत का सबसे शांत शहर
आइजोल को अक्सर भारत की “साइलेंट सिटी” कहा जाता है। इसका मतलब यह नहीं है कि यहां लोग बातचीत नहीं करते, बल्कि यहां की सड़कों पर अनावश्यक हॉर्न और जल्दबाजी देखने को नहीं मिलती। लोग ट्रैफिक नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करते हैं और एक-दूसरे के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखते हैं।
पहाड़ों के बीच बसा खूबसूरत शहर
समुद्र तल से लगभग 1,132 मीटर की ऊंचाई पर स्थित आइजोल चारों ओर से हरी-भरी पहाड़ियों और घाटियों से घिरा हुआ है। स्वच्छ वातावरण और मनमोहक प्राकृतिक नजारों के कारण इसे “लैंड ऑफ हाइलैंडर्स” के नाम से भी जाना जाता है। यहां का शांत माहौल और प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है।
ट्रैफिक अनुशासन की मिसाल
आइजोल की सबसे खास बात इसकी ट्रैफिक संस्कृति है। यहां वाहन चालक अपनी लेन में ही चलते हैं और बिना वजह ओवरटेक करने से बचते हैं। हॉर्न बजाना भी आम बात नहीं है। यदि किसी वाहन को आगे निकलना होता है, तो वह केवल हल्का-सा संकेत देता है और सामने वाला चालक अवसर मिलने पर उसे रास्ता दे देता है।
यहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग लेन निर्धारित हैं। हैरानी की बात यह है कि कई स्थानों पर ट्रैफिक लाइट की आवश्यकता भी महसूस नहीं होती, क्योंकि लोग स्वयं नियमों का पालन करते हैं और यातायात सुचारु रूप से चलता रहता है।
नियम तोड़ना माना जाता है असभ्यता
आइजोल के लोगों की सोच भी काफी अलग है। यहां तेज गति से वाहन चलाना, लगातार हॉर्न बजाना या दूसरों को जबरन ओवरटेक करना अच्छा व्यवहार नहीं माना जाता। जो लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते, उन्हें सामाजिक रूप से असभ्य समझा जाता है।
आइजोल में घूमने की प्रमुख जगहें
आइजोल आने वाले पर्यटक कई आकर्षक स्थलों का आनंद ले सकते हैं। इनमें मिजोरम स्टेट म्यूजियम, सोलोमन टेंपल, बारा बाजार और रीक गांव प्रमुख हैं। रीक गांव आइजोल से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है, जहां की प्राकृतिक सुंदरता हर साल हजारों पर्यटकों को आकर्षित करती है।
आइजोल कैसे पहुंचें?
रेल मार्ग से यात्रा करने वालों के लिए सिलचर सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन है। वहां से टैक्सी या कैब के जरिए आसानी से आइजोल पहुंचा जा सकता है। हवाई यात्रा के लिए लेंगपुई एयरपोर्ट सबसे सुविधाजनक विकल्प है। यह एयरपोर्ट देश के कई प्रमुख शहरों से सीधी उड़ानों के माध्यम से जुड़ा हुआ है।









