पंजाब सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना’ को लागू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को 1 जुलाई से वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी। सरकार ने इसके लिए बजट में करीब 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने में सहायता देना है। योजना के तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह जबकि अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
सरकार का दावा है कि राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की संभावना है। वित्तीय सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और राज्य भर में बड़ी संख्या में महिलाएं इससे जुड़ रही हैं। पंजीकरण का कार्य आंगनवाड़ी केंद्रों, सेवा केंद्रों और अन्य निर्धारित स्थानों पर किया जा रहा है। इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए लगभग दो लाख ‘महिला सत्कार सखियों’ को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने और लैंगिक समानता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।









