भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए आज का दिन काफी अहम रहने वाला है, क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आयरलैंड, इंग्लैंड, एशियन गेम्स 2026 और श्रीलंका दौरे पर होने वाले इंडिया ‘ए’ मुकाबलों के लिए टीमों की घोषणा करने जा रहा है। बीसीसीआई द्वारा जारी जानकारी के अनुसार चयन समिति की बैठक बोर्ड मुख्यालय में आयोजित होगी, जिसके बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया मीडिया को संबोधित करेंगे।
टीम चयन में चार महत्वपूर्ण असाइनमेंट को ध्यान में रखा जाएगा। इनमें आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच, इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज, जापान में होने वाले एशियाई खेल 2026 और श्रीलंका में खेले जाने वाले इंडिया ‘ए’ के दो बहुदिवसीय मुकाबले शामिल हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने अनुभव और युवा प्रतिभा के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी।
संभावित खिलाड़ियों की सूची में कई चर्चित नाम शामिल हैं। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है। वहीं ईशान किशन, संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी भी चयन की दौड़ में हैं। अय्यर को कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने की भी चर्चा है। ऑलराउंडर के रूप में हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर पर चयनकर्ताओं की नजर रहेगी। गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और भुवनेश्वर कुमार के नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
इसके अलावा सूर्यकुमार यादव के भविष्य को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। कप्तानी से हटाए जाने के बाद टीम में उनकी जगह बरकरार रहती है या नहीं, इस पर सबकी नजर होगी। रिंकू सिंह, ध्रुव जुरेल, साईं सुदर्शन, क्रुणाल पंड्या, अंशुल कंबोज और साकिब हुसैन जैसे खिलाड़ियों के नामों पर भी चयन बैठक में विचार किया जा सकता है।









