Punjab

पंजाब में धार्मिक स्थलों को धमकी भरा ईमेल, दुर्गियाना मंदिर और काली माता मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई

पंजाब में एक बार फिर बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस बार ईमेल के जरिए अमृतसर के प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर, पटियाला के ऐतिहासिक श्री काली माता मंदिर और कुछ अन्य धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा सचिवालय को भी उड़ाने की बात कही गई है। धमकी ऐसे समय में मिली है जब ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी नजदीक है, जिसके चलते प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता।

धमकी मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने संबंधित धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पटियाला के काली माता मंदिर में डीएसपी संजीव सिंगला के नेतृत्व में सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की गहन जांच की जा रही है। अमृतसर स्थित दुर्गियाना मंदिर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की जांच कर उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।

दुर्गियाना मंदिर एवं बड़ा हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि मंदिर प्रबंधन को सीधे तौर पर कोई धमकी भरा संदेश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्हें इस बारे में प्रशासन और मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व समाज में डर और तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। मंदिर समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।