Punjab

अमृतसर: फीस विवाद में 12वीं की छात्रा ने की आत्महत्या , स्कूल पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप

1190016586

अमृतसर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा अमजोत कौर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि स्कूल द्वारा बकाया फीस को लेकर किए गए मानसिक दबाव और कथित प्रताड़ना के चलते छात्रा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। जानकारी के अनुसार, अमजोत कौर अमृतसर के 88 फीट रोड इलाके की रहने वाली थी और अपनी मासी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिवार का कहना है कि स्कूल की करीब 20 हजार रुपये फीस बकाया थी, जिसे वे किश्तों में जमा करने के लिए तैयार थे, लेकिन इसके बावजूद छात्रा पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि फीस विवाद को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से छात्रा को मानसिक रूप से परेशान किया गया, यहां तक कि उसे अलग कमरे में ले जाकर भी दबाव बनाया गया। इसी तनाव के चलते 22 मई को स्कूल से घर लौटने के बाद छात्रा ने जहर खा लिया। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान छात्रा ने एक वीडियो बयान भी दिया, जिसमें उसने स्कूल प्रबंधन के व्यवहार को अपनी स्थिति के लिए जिम्मेदार बताया। करीब एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद 30 मई की शाम उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने स्कूल प्रिंसिपल और स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने छात्रा के वीडियो बयान और परिवार की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।