Jammu & Kashmir

J&K: उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में सुरक्षा बलों ने सीमा पार से घुसपैठ और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के एक युवक को पकड़ लिया है। उसकी पहचान 22 वर्षीय जीशान मीर, निवासी मुजफ्फराबाद के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने दावा किया कि वह सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आई एक युवती से मिलने के लिए एलओसी पार कर आया था, जिसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इसी इलाके में एक अन्य संयुक्त अभियान के दौरान सेना और पुलिस ने तीन लोगों को भी हिरासत में लिया, जो कथित तौर पर पीओके की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। इनमें दो स्थानीय निवासी और एक गाइड शामिल हैं, जिनसे सुरक्षा एजेंसियां लगातार पूछताछ कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, सीमा पार से अवैध संचार नेटवर्क और संदिग्ध रेडियो संकेतों के जरिए आतंकी गतिविधियों को समर्थन देने की कोशिशें भी सामने आई हैं।

कठुआ, राजौरी, पुंछ और कोट बलवाल जेल क्षेत्र जैसे संवेदनशील इलाकों में ऐसे संकेतों की पहचान की गई है, जिनका उद्देश्य आतंकी नेटवर्क को सक्रिय रखना बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से दूरसंचार ढांचे के विस्तार और अवैध सिग्नल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां इन चुनौतियों से निपटने के लिए तकनीकी उन्नयन और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने में जुटी हैं, ताकि सीमा पार से किसी भी तरह की घुसपैठ और आतंकी नेटवर्क को रोका जा सके।