भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में बदलाव करते हुए नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है। इस फेरबदल को आगामी चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
दिल्ली भाजपा की कमान पूर्वी दिल्ली से सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। हर्ष मल्होत्रा केंद्र सरकार में सड़क परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री के रूप में भी कार्यरत हैं। संगठन और सरकार दोनों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
वहीं हरियाणा भाजपा की जिम्मेदारी डॉ. अर्चना गुप्ता को दी गई है। वह अब तक प्रदेश महामंत्री के रूप में संगठन में सक्रिय थीं। खास बात यह है कि हरियाणा भाजपा के इतिहास में पहली बार किसी महिला को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पानीपत निवासी डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटी रही हैं।
पंजाब में भाजपा ने सुनील जाखड़ की जगह केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। बरनाला से आने वाले ढिल्लों पहले कांग्रेस में रह चुके हैं और 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। मालवा क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और कारोबारी छवि को देखते हुए पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। माना जा रहा है कि भाजपा किसान और व्यापारी वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी का यह फेरबदल आने वाले चुनावों को ध्यान में रखकर बेहद अहम माना जा रहा है।









