Gujrat

खंभात की खाड़ी पर बनेगा भारत का सबसे लंबा सी-ब्रिज, भावनगर से भरूच का सफर अब सिर्फ 45 मिनट

गुजरात जल्द ही देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक का गवाह बनने जा रहा है। केंद्र सरकार ने खंभात की खाड़ी पर लगभग 30 किलोमीटर लंबा सी-ब्रिज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। यह प्रोजेक्ट जामनगर-भावनगर-भरूच हाई-स्पीड कॉरिडोर का अहम हिस्सा होगा और इसके पूरा होने के बाद सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के बीच कनेक्टिविटी पूरी तरह बदल जाएगी।

फिलहाल भावनगर से भरूच या सूरत पहुंचने के लिए लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिसमें करीब 7 से 8 घंटे लग जाते हैं। लेकिन प्रस्तावित सी-ब्रिज बनने के बाद यही सफर महज 45 मिनट से 1 घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे भावनगर और सूरत के बीच लगभग 240 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी और ईंधन की बड़ी बचत होगी।

यह सी-ब्रिज मौजूदा मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक यानी अटल सेतु से भी लंबा होगा। जहां अटल सेतु की लंबाई 21.8 किलोमीटर है, वहीं खंभात सी-ब्रिज करीब 30 किलोमीटर लंबा प्रस्तावित है। यह छह लेन वाला हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दक्षिण गुजरात के औद्योगिक क्षेत्रों को सीधे जोड़ने का काम करेगा।

इस प्रोजेक्ट से अलंग शिप ब्रेकिंग यार्ड, धोलेरा सेमीकंडक्टर हब और हजीरा-अंकलेश्वर जैसे इंडस्ट्रियल क्षेत्रों को बड़ा फायदा मिलेगा। साथ ही सौराष्ट्र के धार्मिक पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलेगी फिलहाल सरकार ने डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट पूरी होने के बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।