आज के दौर में बच्चे स्मार्टफोन, टैबलेट और स्मार्ट टीवी पर काफी समय बिताते हैं। OTT प्लेटफॉर्म और वीडियो ऐप्स पर मनोरंजन के साथ-साथ ऐसा कंटेंट भी मौजूद है जो बच्चों के लिए सही नहीं माना जाता। ऐसे में माता-पिता के लिए यह जरूरी हो जाता है कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सेफ्टी फीचर्स का इस्तेमाल करें। अच्छी बात यह है कि Netflix, Amazon और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म मजबूत पैरेंटल कंट्रोल विकल्प देते हैं।
Netflix में Kids Profile फीचर की मदद से बच्चों के लिए अलग प्रोफाइल बनाया जा सकता है। इसमें केवल उम्र के अनुसार सुरक्षित कंटेंट दिखाई देता है। माता-पिता maturity rating सेट कर सकते हैं और PIN लॉक लगाकर बच्चों को दूसरे प्रोफाइल तक पहुंचने से रोक सकते हैं। इससे एडल्ट फिल्में और वेब सीरीज अपने आप छिप जाती हैं।
Prime Video में भी Parental Controls का विकल्प मिलता है। यहां यूजर्स Viewing Restrictions सेट करके U/A 13+ या U/A 16+ जैसी लिमिट तय कर सकते हैं। साथ ही PIN फीचर की मदद से किसी भी एडल्ट कंटेंट को लॉक किया जा सकता है। इससे बच्चे बिना पासकोड के संवेदनशील कंटेंट नहीं देख पाते।
वहीं YouTube पर Restricted Mode ऑन करके एडल्ट और संवेदनशील वीडियो काफी हद तक फिल्टर किए जा सकते हैं। छोटे बच्चों के लिए YouTube Kids ऐप भी उपलब्ध है, जिसमें केवल बच्चों के लिए चुना गया कंटेंट दिखता है। इसमें स्क्रीन टाइम लिमिट और कंटेंट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
सिर्फ ऐप सेटिंग्स ही नहीं, बल्कि स्मार्टफोन और स्मार्ट टीवी में भी पैरेंटल कंट्रोल ऑन करना जरूरी है। सही डिजिटल सुरक्षा और जागरूकता मिलकर बच्चों को इंटरनेट पर सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाती है।









