भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 26 सीटों पर होने वाले चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना भी पूरी की जाएगी। राज्यसभा के लिए यह चुनाव 12 राज्यों में होने जा रहे हैं, जहां कई सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जबकि दो राज्यों में उपचुनाव भी कराए जाएंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक, चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 1 जून को अधिसूचना जारी होने के साथ होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक नाम वापस लेने की अंतिम तारीख तय की गई है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा।
इन चुनावों के तहत आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटों पर मतदान होगा। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। झारखंड में दो सीटों पर जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट के लिए मतदान होगा।
इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु में राज्यसभा की एक-एक सीट पर उपचुनाव भी होंगे। महाराष्ट्र की सीट उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के कारण खाली हुई है, जबकि तमिलनाडु में AIADMK नेता सी. वे. षणमुगम के इस्तीफे के बाद सीट रिक्त हुई थी।
इस चुनाव के साथ कई दिग्गज नेताओं का राज्यसभा कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन और रवनीत सिंह बिट्टू जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।









