Maharashtra National

महाराष्ट्र ATS की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क पर 40 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी

महाराष्ट्र में आतंकवाद विरोधी दस्ते (Maharashtra Anti-Terrorism Squad) ने पाकिस्तान से जुड़े एक कथित गैंगस्टर-आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को मुंबई सहित राज्यभर में 40 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई और 53 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़ा हुआ है, जो विदेश में रहकर अपने गिरोह का संचालन करता है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए भारत के युवाओं को प्रभावित कर उन्हें आपराधिक और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की ओर धकेलने की कोशिश कर रहा था।

जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, व्हाट्सएप और ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। उन्हें गैंगस्टर लाइफ और पैसे का लालच देकर धीरे-धीरे नेटवर्क से जोड़ा जाता था। अधिकारियों के अनुसार इस तरीके से कई युवाओं को भविष्य में ऑपरेटिव के रूप में इस्तेमाल करने की योजना थी। एटीएस ने मुंबई के सांताक्रूज, अंधेरी, घाटकोपर, मलाड के अलावा ठाणे, कल्याण, नालासोपारा, मीरा रोड सहित कई शहरों में तलाशी ली। इसके साथ ही पुणे, नागपुर, नाशिक, मालेगांव और छत्रपति संभाजीनगर में भी संदिग्धों के ठिकानों पर छापे मारे गए। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह नेटवर्क छोटे-छोटे मॉड्यूल में काम करता था ताकि पूरे गिरोह का पता लगाना मुश्किल हो सके। अधिकारियों के अनुसार यह मामला अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर नेटवर्क बन चुका है और ATS इसकी गहराई से जांच कर रही है।