पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले में BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। देर रात हुई इस वारदात में हमलावरों ने उनकी कार को बीच सड़क पर रोककर ताबड़तोड़ गोलीबारी की, जिसमें चंद्रनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर पहले से ही घटना की रेकी कर रहे थे। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रनाथ को 7.6 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल से तीन गोलियां मारी गईं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और CID भी जांच में शामिल हो गई है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जांच के दौरान घटनास्थल पर मिली एक कार ने पुलिस को अहम सुराग दिया। इस वाहन की नंबर प्लेट की जांच में पता चला कि यह सिलीगुड़ी के मतिगारा क्षेत्र निवासी जोसेफ विलियम्स के नाम पर रजिस्टर्ड है। जब उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि गाड़ी उनकी है, लेकिन उन्हें नहीं पता कि नंबर प्लेट किसने इस्तेमाल की।
सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि जोसेफ ने अपनी कार बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन दिया था, जिसमें नंबर प्लेट की तस्वीर भी शामिल थी। पुलिस को शक है कि इसी जानकारी का इस्तेमाल कर हमलावरों ने नकली नंबर प्लेट तैयार की, क्योंकि घटना में इस्तेमाल कार और असली वाहन का मॉडल और रंग लगभग एक जैसा पाया गया। पुलिस अब इस पूरे मामले में सिलीगुड़ी कनेक्शन, संभावित सुपारी किलिंग और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह पूरी वारदात पहले से योजनाबद्ध थी।


