Uttar Pradesh

पीएम मोदी 28 अप्रैल को वाराणसी–पुणे और अयोध्या–मुंबई ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, करेंगे जनसभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। अपने इस दौरे में पीएम मोदी बरेका जनसभा स्थल से वाराणसी–पुणे ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और साथ ही अमृत भारत एक्सप्रेस के तहत अयोध्या–मुंबई ट्रेन को वर्चुअल रूप से रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम से पहले रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सहित वरिष्ठ अधिकारियों का आगमन भी प्रस्तावित है।

पीएम मोदी दोपहर में बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद बरेका हेलीपैड से गेस्ट हाउस जाएंगे, जहां वे कुछ समय विश्राम करेंगे। इसके बाद शाम करीब साढ़े चार बजे वे जनसभा को संबोधित करेंगे और लगभग एक घंटे कार्यक्रम में रहने के बाद वापस अतिथि गृह लौटेंगे। 29 अप्रैल की सुबह पीएम मोदी का काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम तय है, जहां वे करीब एक घंटे तक रुकेंगे और इसके बाद हरदोई के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और सफाई इंतजाम किए हैं। साथ ही महिला सम्मेलन और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए भाजपा ने अलग मॉनिटरिंग टीम भी गठित की है, जो बूथ स्तर तक व्यवस्थाओं को संभालेगी।