Delhi Haryana

दिल्ली-रोहतक रेल रूट पर 5 से 13 मई तक कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट, यात्रियों को होगी परेशानी

हरियाणा से दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले हजारों रेल यात्रियों को आने वाले दिनों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल द्वारा किशनगंज स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग और नए ईआई पैनल लगाने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते 4 मई से 14 मई तक कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस अवधि में करीब डेढ़ दर्जन ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है, जिनमें से 9 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। खासतौर पर रोहतक, जींद और जाखल रूट पर चलने वाली ट्रेनों पर इसका सीधा असर देखने को मिलेगा। नई दिल्ली से रोहतक आने-जाने वाली प्रमुख ट्रेन 5 मई से 14 मई तक बंद रहेगी, वहीं जींद से सुबह दिल्ली जाने वाली ट्रेन भी रद्द कर दी गई है।

इसके अलावा, रेलवे ने 8 प्रमुख ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है। ये ट्रेनें अब दिल्ली किशनगंज स्टेशन की बजाय दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन से संचालित होंगी और किशनगंज पर नहीं रुकेंगी। ऐसे में यात्रियों को अपने यात्रा समय और स्टेशन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।