भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) के उपयोग पर लगी रोक को एक बार फिर बढ़ा दिया है। अब यह प्रतिबंध 24 मई 2026 तक लागू रहेगा। इस संबंध में भारत ने नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) जारी कर आधिकारिक पुष्टि की है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले एक वर्ष से अधिक समय से हवाई संबंध पूरी तरह बंद हैं।
इस प्रतिबंध का अर्थ है कि पाकिस्तान में पंजीकृत कोई भी विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके अलावा, पाकिस्तानी एयरलाइंस या उनके द्वारा संचालित विमान भी भारत के एयरस्पेस का उपयोग नहीं कर पाएंगे। यह रोक पाकिस्तानी सैन्य विमानों पर भी समान रूप से लागू है।
दोनों देशों के बीच यह स्थिति पिछले साल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बनी थी। 22 अप्रैल 2025 को बैसरन घाटी में हुए इस हमले में 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा हालातों को देखते हुए दोनों देशों ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपना-अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था।
पाकिस्तान ने सबसे पहले 24 अप्रैल 2025 को भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद किया था। इसके जवाब में भारत ने 30 अप्रैल 2025 से पाकिस्तानी विमानों पर प्रतिबंध लागू किया। तब से दोनों देश समय-समय पर इस प्रतिबंध को बढ़ाते रहे हैं।
हाल ही में पाकिस्तान ने भी भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस प्रतिबंध को 24 मई 2026 तक बढ़ा दिया है। इससे साफ है कि दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बहाल होने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है।









