हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध गुब्बारे मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इन गुब्बारों पर अंग्रेजी और उर्दू में ‘PIA’ लिखा हुआ पाया गया है, जबकि कुछ पर पाकिस्तान के झंडे की तस्वीर भी बनी हुई बताई जा रही है। लगातार मिल रहे ऐसे गुब्बारों से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया है।
हरियाणा के सिरसा जिले के एक गांव में बुधवार को एक घर के बाहर सफेद और नीले रंग का गुब्बारा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, यह गुब्बारा हरियाणा-राजस्थान सीमा के पास स्थित गांव में पाया गया। जैसे ही लोगों ने गुब्बारे पर ‘PIA’ लिखा देखा, उन्होंने तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह का एक मामला हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सामने आया है। भटियात तहसील की नगाली पंचायत के शुकड़ाह गांव के पास भी ऐसा ही संदिग्ध गुब्बारा मिला। ग्रामीणों ने बताया कि गुब्बारे पर अंग्रेजी में ‘PIA’ लिखा हुआ था और उस पर पाकिस्तान के झंडे का चित्र भी मौजूद था। सूचना मिलने पर खैरी थाने की पुलिस और डलहौजी के पुलिस उपाधीक्षक मयंक शर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।
पुलिस ने गुब्बारे को सुरक्षित रूप से मालखाने में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में ऐसा ही एक और गुब्बारा मिला था। इससे पहले बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में भी इस तरह के संदिग्ध गुब्बारे पाए जा चुके हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये गुब्बारे कहां से और किस उद्देश्य से भेजे जा रहे हैं।









