Punjab

लुधियाना के स्कूलों को फिर बम धमकी: चार संस्थानों में हड़कंप, पुलिस जांच तेज

पंजाब के लुधियाना में कई प्रमुख स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना सामने आते ही स्कूल प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी और सुरक्षा उपाय शुरू कर दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस बार चार स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले हैं, जिनमें स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल, पौदार इंटरनेशनल स्कूल, मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल और बीआरएस नगर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल शामिल हैं। स्प्रिंग डेल स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बच्चों को छुट्टी देकर घर भेज दिया। अन्य स्कूलों ने भी अभिभावकों के व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से सूचना साझा कर स्थिति से अवगत कराया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल सभी जगहों पर सुरक्षा जांच जारी है और पुलिस ने ई-मेल की उत्पत्ति की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले 10 मार्च को भी लुधियाना के कुछ स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय सीबीएसई से जुड़े तीन स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी भेजी गई थी, जिसके बाद पूरे शहर में दहशत फैल गई थी और व्यापक स्तर पर सुरक्षा जांच की गई थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत सूचना दें। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।