National World

फ्रांस-जर्मनी दौरे पर कल रवाना होंगे विदेश सचिव विक्रम मिस्री, रणनीतिक सहयोग को मिलेगा नया जोर

भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री 12 से 14 अप्रैल तक फ्रांस और जर्मनी के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा हाल ही में फ्रेडरिक मर्ज और इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे के बाद हो रहा है, जो भारत और यूरोप के बीच बढ़ते उच्च स्तरीय संवाद को दर्शाता है। इस यात्रा के दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी व्यापक बातचीत की जाएगी।

पेरिस में, मिस्री फ्रांस के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के साथ भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे। यहां रक्षा, सिविल न्यूक्लियर एनर्जी, अंतरिक्ष, साइबर, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। वहीं बर्लिन में, वे जर्मन अधिकारियों के साथ भारत-जर्मनी विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे, जहां व्यापार, निवेश, ग्रीन एनर्जी, तकनीक, शिक्षा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर फोकस रहेगा। इस दौरे को भारत के यूरोपीय देशों के साथ रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है।