Technology

WhatsApp अब देगा YouTube जैसी कमाई का मौका, बनाएं अपना चैनल और कमाएं पैसे

WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर लेकर आ रहा है, जिससे आप प्लेटफॉर्म पर चैनल बनाकर पैसे कमा सकेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फीचर YouTube के सब्सक्रिप्शन मॉडल की तरह काम करेगा, जिसमें यूजर्स अपने पसंदीदा चैनल के पेड कंटेंट तक एक्सेस पाने के लिए सब्सक्रिप्शन फीस दे सकेंगे।

हालांकि, फ्री कंटेंट देखने की सुविधा भी बनी रहेगी। इसका मतलब है कि कोई भी यूजर बिना पैसे दिए चैनल के फ्री पोस्ट और अपडेट देख सकता है। वहीं, क्रिएटर्स के लिए यह एक बड़ा मौका है कि वे एक्सक्लूसिव कंटेंट तैयार करके उससे कमाई कर सकें। पेड सब्सक्राइबर की संख्या भी दिखाई जाएगी, जिससे नए यूजर्स को चैनल की लोकप्रियता और वैल्यू का अंदाजा लगेगा।

WhatsApp Channel बनाने की प्रक्रिया भी बेहद सरल है और एंड्रॉइड व iPhone दोनों पर एक जैसी है। सबसे पहले ऐप खोलें और चैनल सेक्शन में जाएं। वहां आपको ‘क्रिएट चैनल’ का ऑप्शन दिखाई देगा। इसे चुनकर WhatsApp के निर्देशों का पालन करें। इसके बाद आपको चैनल का नाम, डिस्क्रिप्शन और आइकन सेट करने का विकल्प मिलेगा। सभी जरूरी जानकारी भरने के बाद ‘डन’ पर टैप करें, और आपका चैनल तैयार हो जाएगा।

यह नया फीचर छोटे और बड़े दोनों क्रिएटर्स के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है। आप चाहे तो अपने फॉलोअर्स को मुफ्त कंटेंट दें या खास सब्सक्रिप्शन कंटेंट के जरिए अतिरिक्त कमाई करें। WhatsApp की इस नई पहल से प्लेटफॉर्म सिर्फ चैटिंग का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि कंटेंट क्रिएशन और कमाई का भी जरिया बन जाएगा।