राष्ट्रीय राजधानी को मीडिया और मनोरंजन उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम लिमिटेड और प्रसार भारती के बीच एक समझौता किया गया है, जिसका उद्देश्य AVGC (Animation, Visual Effects, Gaming & Comics) सेक्टर को मजबूत करना है। यह समझौता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ दिल्ली के दौरान भारत मंडपम में संपन्न हुआ।
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि इस पहल का लक्ष्य दिल्ली को एक आधुनिक और एकीकृत मीडिया हब के रूप में स्थापित करना है, जहां कंटेंट निर्माण की पूरी प्रक्रिया—प्री-प्रोडक्शन से लेकर पोस्ट-प्रोडक्शन तक—एक ही स्थान पर संभव हो सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रतिभा, तकनीक और रचनात्मक ऊर्जा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच देने की है। इस परियोजना के तहत अत्याधुनिक स्टूडियो, उन्नत पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं और AVGC से जुड़े विशेष केंद्र विकसित किए जाएंगे। साथ ही, नई फिल्म नीति पर भी काम चल रहा है, जिसमें शूटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए निर्माताओं को आर्थिक सहायता देने की योजना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे भविष्य की दिशा तय करने वाला कदम बताते हुए कहा कि यह पहल न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगी, बल्कि युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के नए अवसर भी खोलेगी। इस साझेदारी से दिल्ली की क्रिएटिव इकॉनमी को नई गति मिलने की उम्मीद है। फिल्म, टीवी, एनीमेशन और गेमिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार बढ़ेगा और राजधानी वैश्विक स्तर पर एक आकर्षक मीडिया डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगी।









