Gujrat

गुजरात का सूरत रेलवे स्टेशन बनेगा वर्ल्ड-क्लास ट्रांसपोर्ट हब, 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट

गुजरात के सूरत में रेलवे स्टेशन का मेगा रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहा है, जो शहर को एक आधुनिक और वर्ल्ड-क्लास ट्रांसपोर्ट हब के रूप में स्थापित करेगा। साल 2022 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट सूरत के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार देने वाला माना जा रहा है। करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट स्टेशन को मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब में बदलेगा। यहां रेलवे, मेट्रो और अन्य परिवहन सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को seamless travel experience मिलेगा।

रीडेवलपमेंट के तहत स्टेशन को ग्लोबल स्टैंडर्ड के अनुसार विकसित किया जा रहा है, जहां अलग-अलग आगमन और प्रस्थान क्षेत्र, विशाल कंकॉर्स, आधुनिक वेटिंग एरिया और अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं होंगी। इसके अलावा मल्टी-लेवल कार पार्किंग, बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और मेट्रो से कनेक्टिविटी भी इस प्रोजेक्ट की प्रमुख विशेषताएं हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सूरत स्टेशन पर रोजाना 2.5 से 3 लाख यात्री आते हैं, जो त्योहारों के दौरान और बढ़ जाते हैं। ऐसे में इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।

फिलहाल प्रोजेक्ट का करीब 48 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पहले चरण में कंकॉर्स और स्ट्रक्चरल डेवलपमेंट शामिल है। शुरुआत में इसे 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन अब अतिरिक्त कार्यों के चलते इसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने की योजना है। यह प्रोजेक्ट न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देगा, बल्कि सूरत की कनेक्टिविटी, व्यापार और पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इसे शहर को स्मार्ट और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।