National Uttar Pradesh

गाजियाबाद पुलिस ने जासूसी गैंग का सदस्य दबोचा, रेलवे और सुरक्षा ठिकानों की जानकारी भेजने का आरोप

गाजियाबाद पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक संगठित गिरोह के सदस्य नौशाद अली उर्फ लालू को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। वह गांव नचौली स्थित एक पेट्रोल पंप पर पिछले तीन महीनों से पंचर की दुकान चला रहा था। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के सरगना सुहेल समेत अब तक 22 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। नौशाद के साथ मथुरा की रहने वाली एक महिला और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपियों को रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों से जुड़े स्थानों की फोटो और वीडियो बनाकर व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से पाकिस्तान भेजने के बदले 4 से 6 हजार रुपये प्रति फोटो मिलते थे। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह ने दिल्ली और हरियाणा के कुछ रेलवे स्टेशनों के पास सोलर कैमरे भी लगाए थे, जिनका सीधा एक्सेस पाकिस्तान में मौजूद लोगों के पास था।

16 मार्च को पुलिस ने सादे कपड़ों में पहुंचकर नौशाद को पकड़ लिया। शुरुआत में पेट्रोल पंप कर्मचारियों को लगा कि यह कोई सामान्य मामला है, लेकिन बाद में देशद्रोह के आरोप सामने आने पर सभी हैरान रह गए। जांच में यह भी पता चला कि नौशाद को इस काम में जोड़ने में कुछ अन्य लोगों की भूमिका रही है। पुलिस और अन्य एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।