98वें अकादमी अवॉर्ड्स में निर्देशक Paul Thomas Anderson की फिल्म One Battle After Another ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। Dolby Theatre में आयोजित इस समारोह में फिल्म ने Best Picture समेत कुल छह ऑस्कर अपने नाम किए। वहीं फिल्म Sinners ने भी चार पुरस्कार जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
यह फिल्म लेखक Thomas Pynchon के 1990 के उपन्यास Vineland पर आधारित है। इसकी कहानी 1960 के दशक के एक पूर्व क्रांतिकारी बॉब फर्गुसन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार Leonardo DiCaprio ने निभाया है। फर्गुसन अब एक शांत और अकेली जिंदगी जी रहा है, लेकिन अचानक वह राजनीतिक उथल-पुथल, चरमपंथी गतिविधियों और सरकारी कार्रवाई के जाल में फंस जाता है। इसके बाद उसकी जिंदगी में घटनाओं की एक तेज और रोमांचक श्रृंखला शुरू हो जाती है। फिल्म में Benicio del Toro, Sean Penn और Regina Taylor ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। खास तौर पर सीन पेन के अभिनय को काफी सराहा गया और उन्हें Best Supporting Actor का ऑस्कर पुरस्कार मिला।
रिलीज़ के बाद फिल्म को आलोचकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। समीक्षकों ने इसकी कहानी, तीखे व्यंग्य और डार्क कॉमेडी की जमकर तारीफ की। कई आलोचकों ने इसे “कॉमेडी महाकाव्य” बताया, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखती है। ऑस्कर से पहले भी फिल्म पूरे अवॉर्ड सीजन में छाई रही। Critics’ Choice Awards, Golden Globe Awards और BAFTA Awards में भी इसने कई बड़े पुरस्कार जीते।









