लद्दाख के प्रसिद्ध एक्टिविस्ट Sonam Wangchuk को जल्द ही जेल से रिहा किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी हिरासत को तत्काल प्रभाव से रद्द करने के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय ने कहा कि सरकार लद्दाख में शांति, स्थिरता और आपसी विश्वास कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि सभी समुदायों के साथ रचनात्मक और सार्थक संवाद हो सके।
सोनम वांगचुक को पिछले साल 26 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत हिरासत में लिया गया था। यह कार्रवाई लेह में उत्पन्न गंभीर कानून-व्यवस्था की स्थिति और 24 सितंबर को हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद की गई थी। इन प्रदर्शनों में राज्य का दर्जा देने और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग के दौरान चार लोगों की मौत हो गई थी। वांगचुक ने हिरासत की अवधि का लगभग आधा समय पूरा कर लिया है और वे जोधपुर केंद्रीय जेल में बंद हैं।
सरकार ने कहा कि बंद और विरोध प्रदर्शनों के कारण लद्दाख का शांतिप्रिय माहौल प्रभावित हुआ, जिससे छात्रों, नौकरी चाहने वालों, व्यवसायों, पर्यटन संचालकों और पर्यटकों सहित समुदाय के विभिन्न वर्गों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा। सरकार क्षेत्रीय नेताओं और समुदायों के साथ संवाद के जरिए स्थानीय लोगों की चिंताओं का समाधान करने की दिशा में काम कर रही है। गृह मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और सक्रिय बातचीत के जरिए क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित की जाएगी।









