मध्य पूर्व में जारी तनाव और बढ़ती क्रूड कीमतों के बीच सर्राफा बाजार उलट रुख दिखा रहा है। सोमवार को सोने और चांदी के भाव में भारी गिरावट दर्ज की गई। 22 कैरेट सोना 1,220 रुपये टूटकर 147,638 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि 24 कैरेट सोना 161,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। चांदी का भाव 5,680 रुपये गिरकर 263,180 रुपये प्रति किग्रा पर आ गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और विदेशी बाजार US Comex पर भी कीमती धातुओं के भाव में गिरावट जारी है। MCX पर सोना 161,380 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 264,799 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रही थी। US Comex पर सोना 5,114 डॉलर प्र ति औंस और चांदी 83.53 डॉलर प्रति औंस पर रही।
विशेषज्ञों के अनुसार हाल की गिरावट मुनाफावसूली के कारण हुई है। निवेशकों ने हाल ही में सोने-चांदी में तेजी के दौरान अर्जित लाभ को सुरक्षित करने के लिए कुछ हिस्से को बेचना शुरू कर दिया। वहीं, वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड 108 डॉलर और WTI क्रूड 107 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। यह तेजी होर्मुज जलडमरूमध्य में संभावित आपूर्ति व्यवधानों के कारण आई है।
क्रूड की ऊंची कीमतें मुद्रास्फीति बढ़ा रही हैं, जिससे केंद्रीय बैंकों की नीतियों पर दबाव बढ़ा है। अमेरिकी डॉलर की मजबूती और बढ़ती ब्याज दरों ने भी सोने-चांदी पर दबाव डाला है। इस बीच निवेशक सतर्क होकर वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक घटनाओं पर नजर बनाए हुए हैं।









