तौलिया हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का अहम हिस्सा है। नहाने के बाद शरीर सुखाने से लेकर जिम या बाहर से आने के बाद चेहरा पोंछने तक, इसका इस्तेमाल हर दिन होता है। लगातार नमी के संपर्क में रहने की वजह से कुछ समय बाद तौलिया फीका पड़ने लगता है या उसका कपड़ा ढीला और घिसा हुआ दिखने लगता है। ऐसे में हम अक्सर उसे अलग रख देते हैं या फेंक देते हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि थोड़ा-सा क्रिएटिव सोचकर पुराने तौलिए को कई कामों में दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है? इससे न केवल पैसों की बचत होती है बल्कि पर्यावरण को भी फायदा पहुंचता है। आइए जानते हैं पुराने तौलिये को उपयोगी बनाने के कुछ आसान और काम के तरीके।
- घर की सफाई के लिए मल्टी-यूज़ कपड़ा
पुराने तौलिए को छोटे टुकड़ों में काट लें और इन्हें सफाई के कपड़े की तरह इस्तेमाल करें। ये किचन काउंटर, गैस स्टोव, बर्तन, फर्श या यहां तक कि कार साफ करने में भी काम आ सकते हैं। मोटा कपड़ा होने के कारण ये पानी अच्छे से सोखते हैं और बार-बार धोकर फिर से इस्तेमाल किए जा सकते हैं। - DIY फेस क्लॉथ या स्किन केयर पैड
अगर तौलिया अभी भी मुलायम है, तो उससे छोटे-छोटे स्क्वायर या गोल टुकड़े काटकर फेस क्लॉथ तैयार करें। ये मेकअप हटाने, फेस क्लीनिंग या गुलाब जल लगाकर त्वचा को ताजगी देने के लिए बढ़िया विकल्प हैं। इससे डिस्पोज़ेबल कॉटन पैड का इस्तेमाल भी कम होगा। - दरवाजों-खिड़कियों के लिए डस्ट ब्लॉकर
ठंडी हवा, धूल या कीड़े-मकौड़ों को रोकने के लिए पुराने तौलिए से ड्राफ्ट स्टॉपर बनाया जा सकता है। तौलिये को लंबाई में रोल करके दरवाजे या खिड़की के निचले हिस्से में रख दें। यह खासकर सर्दियों में बहुत काम आता है। - पालतू जानवरों की देखभाल में सहायक
घर में अगर पालतू जानवर हैं, तो पुराना तौलिया उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। नहलाने के बाद उन्हें सुखाने, उनके सोने की जगह पर बिछाने या यात्रा के दौरान इस्तेमाल करने के लिए यह एक अच्छा विकल्प है। - नाज़ुक सामान के लिए सॉफ्ट स्टोरेज
तौलिये का मुलायम कपड़ा ज्वेलरी, चश्मा या अन्य नाजुक एसेसरीज रखने के लिए सुरक्षित होता है। आप इससे छोटे पाउच या पॉकेट बना सकते हैं, जिससे सामान सुरक्षित और व्यवस्थित रहेगा।









