Jammu & Kashmir Sports

Khelo India Winter Games अब होगा 15 दिन का महोत्सव, जम्मू-कश्मीर में बनेगा नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

गुलमर्ग में खेले गए खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के दूसरे चरण के समापन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री Mansukh Mandaviya ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में गुलमर्ग में आयोजित होने वाले विंटर गेम्स को चार दिन के बजाय 15 दिन के महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें खेलों के साथ पर्यटन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी जोड़ा जाएगा। मंत्री ने जम्मू-कश्मीर को वैश्विक विंटर स्पोर्ट्स हब बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यहां नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर विंटर स्पोर्ट्स स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कश्मीर की धरती में अपार संभावनाएं हैं और आने वाले समय में गुलमर्ग विश्वस्तरीय शीतकालीन खेल केंद्र के रूप में उभरेगा।

मंडाविया ने कहा कि नए प्रारूप में विंटर गेम्स के दौरान ‘फिट इंडिया कार्निवल’, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे इसे खेल और पर्यटन का समग्र उत्सव बनाया जा सके। उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा बलों की सफल आयोजन के लिए सराहना की। खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के पहले चरण का आयोजन लद्दाख में 20 से 26 जनवरी तक हुआ था, जबकि दूसरे चरण में गुलमर्ग में 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 900 से अधिक एथलीटों ने भाग लिया। मंत्री ने कहा कि नई खेल नीतियां खिलाड़ियों को केंद्र में रखकर बनाई जा रही हैं और यह पहल ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूती देगी।