National

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी गर्मी, मार्च में लू जैसे हालात की चेतावनी

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। तेज धूप और साफ आसमान के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। India Meteorological Department (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे मार्च की शुरुआत में ही भीषण गर्मी का एहसास हो सकता है। दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के समय पंखे चलाने की जरूरत महसूस होने लगी है और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि हल्की हवाओं से प्रदूषण में थोड़ी राहत मिली है, लेकिन AQI अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।

मैदानों में गर्मी बढ़ने के बीच पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदलेगा। 27-28 फरवरी से सक्रिय हो रहे नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसका असर मैदानी इलाकों में हल्की ठंडक के रूप में महसूस हो सकता है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भी तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। सुबह-शाम हल्की ठंडक जरूर है, लेकिन दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। फिलहाल इन राज्यों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

वहीं दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने कमजोर कम दबाव क्षेत्र का असर दिख रहा है। केरल, कर्नाटक और अंडमान-निकोबार में आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। मध्य भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते तापमान के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है।