ईरान और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने वहां मौजूद अपने नागरिकों के लिए उच्चस्तरीय चेतावनी जारी की है। भारतीय दूतावास ने सोमवार को एडवाइजरी में सभी नागरिकों से तुरंत ईरान छोड़ने का आग्रह किया। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है। एडवाइजरी में कहा गया है कि स्टूडेंट्स, तीर्थयात्री, व्यापारिक यात्री और टूरिस्ट सभी किसी भी उपलब्ध सुरक्षित माध्यम से देश से बाहर निकलें। भारत ने 14 जनवरी 2026 की पिछली एडवाइजरी को भी दोहराया, जिसमें नागरिकों से भीड़भाड़, प्रदर्शन और असुरक्षित स्थानों से दूर रहने, स्थानीय मीडिया के जरिए हालात जानने और दूतावास से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई थी।
साथ ही नागरिकों को पासपोर्ट, वीज़ा और पहचान पत्र हमेशा अपने पास रखने की सलाह दी गई है, ताकि आवश्यक होने पर तुरंत निकासी या यात्रा की प्रक्रिया पूरी की जा सके। किसी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क के लिए चार हेल्पलाइन नंबर और ईमेल उपलब्ध हैं: +989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359, Email: cons.tehran@mea.gov.in । दूतावास ने यह भी कहा कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय अपने विवरण के साथ रजिस्टर करें, ताकि किसी भी इमरजेंसी में उनसे तुरंत संपर्क किया जा सके।









