World

कैलिफोर्निया में एवलॉन्च: आठ स्कीयरों की मौत, एक अभी भी लापता

कैलिफोर्निया के लेक टाहो के पास हुए एवलॉन्च में आठ स्कीयरों की मौत हो गई और एक व्यक्ति अभी भी लापता है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह हादसा पिछले 40 वर्षों में अमेरिका का सबसे घातक हिमस्खलन माना जा रहा है। शेरिफ शैनन मून ने बताया कि अब बचाव अभियान को शवों की बरामदगी में बदल दिया गया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह उत्तरी कैलिफोर्निया की सिएरा नेवादा पर्वतमाला के कैसल पीक क्षेत्र में 15 स्कीयर हिमस्खलन की चपेट में आ गए। इन स्कीयरों का दल तीन दिनों के ट्रैकिंग मिशन पर था। घटना की सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। 15 में से छह लोगों को बचा लिया गया, जबकि आठ की मौत हुई और एक अब भी लापता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले दिनों पश्चिमी तट पर भारी बर्फबारी और तेज हवाओं का तूफान आया था। इसी वजह से बर्फ की परतें असंतुलित हो गईं और विशाल हिमस्खलन हुआ। बचाव कार्य में लगातार बाधाएं आईं, और एक्सपर्ट्स ने बताया कि इस इलाके में अभी भी एवलॉन्च का खतरा बना हुआ है। उन्होंने लोगों से इस क्षेत्र में यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। मौसम की अनिश्चितताओं के कारण और बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा पर निगरानी बढ़ा दी गई है।