मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर नई तकनीक से यात्रियों और कर्मचारियों के लिए बेहतर वायु गुणवत्ता सुनिश्चित करने का किया उद्घाटन I दिल्ली सरकार ने राजधानी में वायु प्रदूषण कम करने के प्रयासों को और तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में GMR Group द्वारा स्थापित 120 मिस्ट स्प्रे सिस्टम का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक प्रणाली हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों को कम करके यात्रियों और कर्मचारियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म रणनीतियों के तहत प्रदूषण नियंत्रण पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से काम कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल अस्थायी राहत देना नहीं, बल्कि प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान निकालना है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राजधानी की प्रमुख सड़कों और 143 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों पर पहले से ही मिस्ट स्प्रे सिस्टम स्थापित किया जा चुका है। इसके साथ ही रियल-टाइम मॉनिटरिंग नेटवर्क का विस्तार 46 मेट्रो स्टेशनों तक किया गया है, जो देश के किसी भी शहर में सबसे बड़ा नेटवर्क है।
रेखा गुप्ता ने दिल्ली एयरपोर्ट की महत्वाकांक्षा पर भी प्रकाश डाला, कहा कि आने वाले वर्षों में यह एयरपोर्ट 100 मिलियन यात्रियों के आंकड़े को पार कर दुनिया के टॉप पांच सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल हो सकता है। उन्होंने GMR Group की इस सामाजिक उत्तरदायित्व पहल की सराहना की और बताया कि भविष्य में मिस्ट सिस्टम का विस्तार 600 पोल्स तक किया जाएगा।
साथ ही मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक बस बेड़े को 2029 तक पूरी तरह इलेक्ट्रिक करने, मेट्रो नेटवर्क विस्तार, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने और शहर में डस्ट मॉनिटरिंग प्रणाली लागू करने जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। इन उपायों से दिल्ली की हवा साफ होगी और राजधानी को देश के सबसे रहने योग्य शहरों में शामिल करने का लक्ष्य साकार होगा।









