National

कांग्रेस सांसदों का स्पीकर चैंबर में हंगामा, रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

लोकसभा के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस सांसदों द्वारा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में हंगामा किए जाने पर केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर कड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि कम से कम 20-25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में गए और उन्हें गालियां दीं। रिजिजू ने यह भी कहा कि राहुल गांधी को समझाना कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का काम है, क्योंकि उन्हें “कुछ नहीं सिखाया जा सकता।”

रिजिजू ने बताया कि स्पीकर इस घटना से बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा, “स्पीकर ने रूलिंग दी थी, लेकिन उसका पालन नहीं हुआ। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है, जबकि सदन में बोलने के लिए चेयर की परमिशन जरूरी होती है, प्रधानमंत्री समेत सभी के लिए।”

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जैसे प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल सांसदों को उकसा रहे थे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि संसद में बच्चों जैसा बर्ताव नहीं किया जाना चाहिए और सुरक्षा को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना सही नहीं है।

इस बीच, लोकसभा से निलंबित किए गए विपक्ष के 8 सांसदों का निलंबन बरकरार रहेगा। स्पीकर के चैंबर में हंगामा करने और उसका वीडियो बनाने वाले सांसदों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना है। लोकसभा सचिवालय ने कहा कि चैंबर सदन का हिस्सा है और वहां वीडियो बनाना वर्जित है।