नेपाली और भारतीय सिनेमा जगत को आज एक बड़ा झटका लगा है। प्रसिद्ध अभिनेता सुनील थापा का 68 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे काठमांडू के नॉर्विक अस्पताल में उपचाराधीन थे, जहां कार्डियक अरेस्ट के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली।
सुनील थापा ने अपने लंबे करियर में लगभग 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और नेपाली सिनेमा के साथ-साथ भारत और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई। उन्हें खासकर नेपाली फिल्म ‘चिनो’ में ‘रेटे कैला’ जैसे दमदार किरदार के लिए याद किया जाता है। बॉलीवुड में उन्होंने 1981 में फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ से कदम रखा और बाद में प्रियंका चोपड़ा स्टारर ‘मैरी कॉम’ में कोच के रोल के लिए दर्शकों और आलोचकों से खूब सराहना पाई।
हाल ही में वे लोकप्रिय वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 3’ में भी नजर आए थे, जहां उनके किरदार ने कहानी में गहराई और मजबूती दी। उनके निधन की खबर सुनते ही फिल्म इंडस्ट्री, उनके साथी कलाकार और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई। सुनील थापा की अदाकारी, उनके दमदार किरदार और फिल्मों में योगदान हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेगा। उनके निधन से नेपाली और भारतीय सिनेमा जगत एक महान कलाकार को खो गया है।









