मशहूर म्यूजिक कंपोजर और डायरेक्टर अभिजीत मजूमदार का 25 जनवरी 2026 की सुबह 54 वर्ष की आयु में भुवनेश्वर में निधन हो गया। उनके जाने से ओलिवुड और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। डॉक्टरों के अनुसार अभिजीत हाइपरटेंशन, हाइपोथायरायडिज्म और क्रॉनिक लिवर डिजीज जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे। 24 जनवरी की रात उनकी तबीयत अचानक खराब हुई, उन्हें अस्पताल में लाइफ सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उनके निधन पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहित कई कलाकारों और प्रशंसकों ने शोक व्यक्त किया और इसे संगीत और संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। अभिजीत के पीछे उनकी पत्नी रंजीता मजूमदार और एक बेटा हैं।
अभिजीत मजूमदार ने संगीत की दुनिया में अपना अलग मुकाम बनाया। उन्होंने ओडिया और संबलपुरी फिल्मों तथा म्यूजिक एल्बम्स के लिए 700 से ज्यादा गाने कंपोज किए। संगीत प्रेमियों और फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह एक बहुत बड़ा नुकसान है, लेकिन उनके गाने हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।









