National Politics

BJP की नई पहल: पीएम मोदी के विजन के तहत 1000 ‘उदीप्तमान कार्यकर्ताओं’ से तैयार होगा भविष्य का नेतृत्व

भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने और भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने के लिए पार्टी देशभर से 1000 ‘उदीप्तमान कार्यकर्ताओं’ का चयन कर रही है। ये कार्यकर्ता 25 से 40 वर्ष की आयु वर्ग के युवा होंगे और विभिन्न राज्यों व सामाजिक पृष्ठभूमियों से चुने जाएंगे। चयन के बाद इन्हें तीन वर्षों तक विशेष प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि इन्हें पार्टी की मुख्यधारा में प्रभावी भूमिका के लिए तैयार किया जा सके।

इस योजना के तहत करीब 200 कार्यकर्ताओं को केंद्रीय और प्रदेश स्तर के संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि लगभग 300 को विभिन्न बोर्डों, आयोगों और समितियों में अवसर मिलेगा। शेष 500 युवाओं को भविष्य के नेता के रूप में अलग-अलग भूमिकाओं के लिए तैयार किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है।

इन कार्यकर्ताओं को संघ के अनुषांगिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और भाजपा से जुड़े विभिन्न मंचों से परामर्श के बाद चुना गया है। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे, जबकि अन्य बड़े और छोटे राज्यों से भी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने के आह्वान की दिशा में पहला चरण मानी जा रही है।