भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन को निर्विरोध चुना है। पार्टी की ओर से उनकी आधिकारिक घोषणा कल सुबह 11.30 बजे होने की संभावना है। अध्यक्ष पद के लिए कुल 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, सभी वैध पाए गए और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिर्फ नितिन नबीन का नाम सामने आया।
रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के लक्ष्मण ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नियमों के मुताबिक यह प्रक्रिया तब शुरू की गई जब देश के 36 राज्यों में से 30 में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव संपन्न हो गया, जो आवश्यक 50 प्रतिशत से अधिक था। इस चुनाव के लिए आधिकारिक सूचना 16 जनवरी 2026 को जारी की गई थी।
नितिन नबीन पिछले साल 14 दिसंबर को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने थे। 45 वर्षीय नबीन पांच बार पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने तीन बार बिहार सरकार में मंत्री के रूप में कार्य किया है और छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रभारी भी रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री जैसे पदों पर काम किया है।
नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को झारखंड के रांची में हुआ था। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी राजनीतिक परिवार से जुड़े थे और जेपी आंदोलन का हिस्सा रहे थे। पिता के निधन के बाद नबीन ने राजनीति में कदम रखा और 2006 में पहली बार विधायक बने। उसके बाद उन्होंने लगातार 2010, 2015, 2020 और 2025 में बांकीपुर से जीत हासिल की। उनकी राजनीतिक यात्रा और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए भाजपा ने उन्हें पार्टी की सर्वोच्च जिम्मेदारी सौंपी है।









