Lifestyle

स्किन पर दिख रहे ये लक्षण हो सकते हैं डायबिटीज की चेतावनी, न करें नजरअंदाज

आज के दौर में डायबिटीज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और यह बीमारी अब सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रही। युवा भी बड़ी संख्या में इसकी चपेट में आ रहे हैं। आमतौर पर डायबिटीज को बढ़े हुए ब्लड शुगर लेवल से जोड़ा जाता है, लेकिन इसके शुरुआती संकेत त्वचा पर भी नजर आ सकते हैं। लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ा रहने से शरीर में खून का प्रवाह और नमी का संतुलन बिगड़ जाता है। इसका सीधा असर त्वचा पर पड़ता है। त्वचा का जरूरत से ज्यादा रूखा होना, बार-बार खुजली या जलन महसूस होना आम लक्षण हैं। इसके अलावा गर्दन, बगल या जांघों के आसपास गहरे रंग के पैच दिखना भी डायबिटीज का संकेत हो सकता है।

छोटे कट या घाव का देर से भरना डायबिटीज से जुड़ा अहम लक्षण है। बार-बार फंगल या बैक्टीरियल इंफेक्शन होना, फोड़े-फुंसी निकलना या त्वचा पर लगातार लालपन रहना भी इस बात की ओर इशारा करता है कि शरीर में शुगर लेवल संतुलन में नहीं है। विशेषज्ञों की सलाह है कि अगर स्किन पर ऐसे बदलाव लगातार दिखें, तो तुरंत ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए। डायबिटीज को कंट्रोल में रखने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और डॉक्टर की सलाह से दवाएं लेना जरूरी है। साथ ही त्वचा को साफ और मॉइश्चराइज रखना, ज्यादा केमिकल वाले प्रोडक्ट्स से बचना और किसी भी इंफेक्शन या घाव को नजरअंदाज न करना बेहद अहम है। डॉक्टरों का कहना है कि समय रहते इन संकेतों को पहचान लिया जाए, तो डायबिटीज को कंट्रोल कर गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।