National

अवैध गेमिंग प्लेटफॉर्म पर केंद्र का शिकंजा, सरकार ने किया 242 लिंक बंद

केंद्र सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग एक्ट लागू होने के बाद गुरुवार को 242 अवैध सट्टेबाजी और जुआ वेबसाइटों के लिंक ब्लॉक कर दिए। यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। अब तक 7,800 से अधिक अवैध बेटिंग और जुआ वेबसाइटों को बंद किया जा चुका है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह कदम युवाओं और परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। अवैध प्लेटफॉर्म न केवल वित्तीय नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर डालते हैं।

पिछले साल अगस्त में संसद से पारित ‘The Promotion and Regulation of Online Gaming Bill, 2025’ को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी मिली थी। यह कानून डिजिटल और क्रिएटिव गेमिंग को बढ़ावा देता है, जबकि सट्टेबाजी और फैंटेसी मनी गेम्स पर प्रतिबंध लगाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी गेमिंग डिसऑर्डर को एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या के रूप में मान्यता दी है। सरकार का कहना है कि यह कदम सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल मनोरंजन की दिशा में एक अहम प्रयास है।