Technology

गूगल का बड़ा कदम: भारतीय स्टार्टअप्स को ग्लोबल बनाने के लिए लॉन्च हुआ ‘मार्केट एक्सेस प्रोग्राम

गूगल ने भारतीय स्टार्टअप्स को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘गूगल मार्केट एक्सेस प्रोग्राम’ लॉन्च किया। यह अपनी तरह का पहला कार्यक्रम है, जिसका मकसद खासतौर पर एआई आधारित भारतीय स्टार्टअप्स को अपने उत्पादों के व्यावसायीकरण में मदद करना और उन्हें लोकल स्तर से ग्लोबल स्तर तक तेजी से पहुंचाना है। इस प्रोग्राम की घोषणा गूगल एआई स्टार्टअप्स कॉन्क्लेव के दौरान की गई, जहां कंपनी ने भारत के तेजी से बढ़ते एआई स्टार्टअप इकोसिस्टम के प्रति अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई।

गूगल के इस कार्यक्रम के तहत चुने गए स्टार्टअप्स को संरचित प्रशिक्षण, वैश्विक बाजारों की समझ, मूल्य निर्धारण रणनीतियां और बड़े संस्थानों को प्रोडक्ट बेचने की प्रक्रिया पर मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही उन्हें गूगल के वैश्विक नेटवर्क के वरिष्ठ अधिकारियों और सीआईओs तक सीधी पहुंच भी दी जाएगी। स्टार्टअप्स को सिलिकॉन वैली की टीआईई और अल्टियस जैसी संस्थाओं के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक्सपोजर भी मिलेगा, ताकि वे अपने इनोवेशन को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर सकें। विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल भारतीय एआई स्टार्टअप्स के लिए वैश्विक विस्तार और व्यावसायिक सफलता की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकती है।