Uttar Pradesh

वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में आग, सेवादारों के बर्ताव ने बढ़ाई स्थानीय नाराजगी

वृंदावन के छठीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में रविवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। संत प्रेमानंद महाराज के फ्लैट नंबर 212 में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि महाराज उस समय फ्लैट में नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, धुआँ और आग की लपटें देख कर कई लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकल विभाग और पुलिस टीम ने आग को नियंत्रण में किया।

हालांकि, आग बुझाने के दौरान महाराज के सेवादारों के व्यवहार ने लोगों में गहरा रोष पैदा कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सेवादारों ने पत्रकारों और स्थानीय लोगों के मोबाइल फोन जबरन छीनने के साथ पुलिस कर्मियों के साथ भी अभद्रता की।

स्थानीय निवासियों ने सेवादारों के इस व्यवहार की निंदा करते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि संकट के समय मदद के बजाय इस तरह का आक्रामक बर्ताव स्वीकार्य नहीं है। इस घटना ने वृंदावन के धार्मिक और सामाजिक परिदृश्य में नए सवाल खड़े कर दिए हैं। दमकल विभाग ने आग पर जल्द काबू पा लिया, और फिलहाल कोई बड़ा नुकसान होने की सूचना नहीं है।