Himachal

हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी ऑनलाइन, CM सुक्खु ने 10 दिन में रिपोर्ट देने के दिए निर्देश

हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु ने निर्देश दिए हैं कि लोगों की सुविधा के लिए अधिक से अधिक स्वास्थ्य सेवाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना को लागू करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी, जो 10 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में ऑनलाइन मरीज पंजीकरण प्रणाली विकसित करने, हिमकेयर योजना की मैपिंग पंचायत स्तर तक बढ़ाने और रोगी उपचार डेटा शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही हिम परिवार पोर्टल के साथ आभा कार्ड को एकीकृत करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल पहल से पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी, सेवाओं की निगरानी और शिकायत निवारण व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (JICA) के सहयोग से राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है, जिससे बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।