विश्व की सबसे बड़ी खाद्य कंपनी नेस्ले ने कई देशों में अपने लोकप्रिय शिशु फॉर्मूला उत्पादों के चुनिंदा बैचों को रीकॉल करने का ऐलान किया है। यह कदम बैक्टीरिया Bacillus cereus के कुछ स्ट्रेन द्वारा उत्पन्न संभावित विषैले पदार्थ सेरेउलाइड (Cereulide) की मौजूदगी के कारण उठाया गया है। प्रभावित देशों में ब्रिटेन, आयरलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रिया, इटली, डेनमार्क, स्वीडन, फिनलैंड, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। प्रभावित ब्रांडों में SMA, BEBA, NAN और अन्य शामिल हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, सेरेउलाइड अत्यधिक गर्मी प्रतिरोधी टॉक्सिन है, जो शिशुओं में मतली, उल्टी और पेट में तेज दर्द जैसे लक्षण पैदा कर सकता है। इसका सबसे बड़ा खतरा यह है कि इसे दूध बनाने या उबालने की प्रक्रिया से निष्क्रिय नहीं किया जा सकता।
नेस्ले ने बताया कि यह एक स्वैच्छिक रीकॉल है और इसे ‘अत्यधिक सावधानी’ बरतते हुए किया गया है। कंपनी ने कहा कि अब तक इन उत्पादों के सेवन से किसी भी बच्चे के बीमार होने की रिपोर्ट नहीं आई है। प्रभावित उत्पादों को खरीदने वाले अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे उनका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें और कंपनी द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर रिफंड प्राप्त करें।









