National Sports

मुस्तफिजुर विवाद पर BCCI का बड़ा फैसला, KKR को बांग्लादेशी गेंदबाज को टीम से हटाने का निर्देश

आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदे जाने के बाद देश में बड़ा राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा हो गया। भारत–बांग्लादेश के तनावपूर्ण रिश्तों और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर उठे विरोध के बीच अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने का निर्देश दिया है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए फ्रेंचाइजी को खिलाड़ी हटाने का निर्देश दिया गया है और यदि केकेआर किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करना चाहेगी तो बोर्ड इसकी अनुमति देगा।

दिसंबर में हुई आईपीएल नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। वे इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। केकेआर के लिए यह उनका पहला सीजन होना था।