Chhattisgarh National

बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो माओवादी ढेर; ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ होने की सूचना है। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है, जबकि इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। मारे गए दोनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को बीजापुर के दक्षिणी क्षेत्र में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब पांच बजे नक्सलियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन रुक-रुक कर जारी है और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लिया गया है। सुरक्षा कारणों से जवानों की संख्या और सटीक स्थान की जानकारी साझा नहीं की जा रही है। आईजी ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष जनवरी से दिसंबर के बीच बस्तर संभाग में अलग-अलग मुठभेड़ों में 256 नक्सली मारे गए थे और 665 हथियार बरामद किए गए थे, जिनमें बड़ी संख्या में ऑटोमेटिक हथियार शामिल हैं।