Uttar Pradesh

भीषण ठंड के बीच यूपी में 12वीं तक के स्कूल 1 जनवरी 2026 तक बंद, सीएम योगी का आदेश

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। रविवार, 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रदेश में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल 1 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई सहित सभी बोर्डों के स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। सरकार का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और ठंड के मौसम में किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी सभी जिलों को इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं। हालांकि, स्कूल बंद रहने के बावजूद प्री-बोर्ड और प्रैक्टिकल परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी। परीक्षा के लिए आने वाले छात्रों के लिए ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

शीतलहर से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने अलाव जलाने, जरूरतमंदों को कंबल बांटने और रैन बसेरों को पूरी तरह सक्रिय रखने के आदेश भी दिए हैं। मौसम विभाग ने करीब 40 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन और पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।