गुजरात के वलसाड़ जिले के धरमपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रीमद राजचंद्र सर्वमंगल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वूमेन का उद्घाटन किया। यह केंद्र खासतौर पर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके सशक्तिकरण के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
उद्घाटन के दौरान राजनाथ सिंह ने श्रीमद राजचंद्र मिशन धरमपुर की सामाजिक और सेवा गतिविधियों की जानकारी ली और आदिवासी महिलाओं के कौशल विकास, आजीविका और रोजगार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मिशन के कार्यक्रमों के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे क्षेत्र में गरीबी और बेरोजगारी कम हो रही है।
उद्घाटन के मौके पर बताया गया कि यह 11 एकड़ में फैला आधुनिक इंटीग्रेटेड कैंपस महिलाओं के सशक्तिकरण का एक परिवर्तनकारी मॉडल प्रस्तुत करता है, जो आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक बाधाओं को दूर करने के लिए समग्र सहायता प्रदान करता है। राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर श्रीमद राजचंद्रजी को नमन करते हुए उनकी शिक्षाओं और सार्वभौमिक भाईचारे के संदेश को याद किया, जिनकी मूर्ति सेंटर परिसर की शोभा बढ़ा रही है।









