Technology

WhatsApp Status में आएगा बड़ा AI बदलाव, फोटो एडिटिंग के लिए अब नहीं चाहिए अलग ऐप

नए साल की शुरुआत के साथ ही WhatsApp अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा और दिलचस्प अपडेट लाने की तैयारी में है। इस अपडेट के बाद WhatsApp स्टेटस पहले से कहीं ज्यादा क्रिएटिव और एडवांस हो जाएगा। खास बात यह है कि अब स्टेटस लगाने से पहले फोटो एडिट करने के लिए किसी थर्ड पार्टी ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp अपने स्टेटस एडिटर में Meta AI पर आधारित नए टूल्स की टेस्टिंग कर रहा है। इन टूल्स की मदद से यूजर्स सीधे WhatsApp के अंदर ही फोटो को एडिट, री-डिजाइन और ट्रांसफॉर्म कर सकेंगे। यह फीचर पहले Android बीटा में देखा गया था और अब iOS बीटा यूजर्स के लिए भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

नए स्टेटस एडिटर में सिर्फ बेसिक फिल्टर्स ही नहीं, बल्कि AI से बने खास विज़ुअल स्टाइल्स भी मिलेंगे। इनमें Anime, Comic, 3D, Painting, Kawaii, Clay और Video Game जैसे कई यूनिक ऑप्शन शामिल हैं। ये सामान्य फिल्टर नहीं होंगे, बल्कि AI फोटो को चुने गए स्टाइल में पूरी तरह नया रूप देगा।

इस फीचर में “Redo” बटन भी दिया जाएगा, जिससे यूजर एक ही स्टाइल को बार-बार री-जनरेट कर सकता है। हर बार AI थोड़ा अलग आउटपुट देगा, जिससे बेस्ट रिज़ल्ट चुनना आसान होगा। इसके अलावा फोटो से अनचाहे ऑब्जेक्ट हटाने, नए एलिमेंट जोड़ने और इमेज को टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के जरिए बदलने की सुविधा भी मिलेगी।

WhatsApp स्टेटस में हल्की एनिमेशन जोड़ने का विकल्प भी टेस्ट किया जा रहा है, जिससे साधारण फोटो भी ज्यादा आकर्षक दिखेगी। फिलहाल यह फीचर चुनिंदा बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध है और आने वाले समय में इसे धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा।