Himachal

क्रिसमस-न्यू ईयर पर हिमाचल में सैलानियों का सैलाब, सड़कों पर बढ़ा ट्रैफिक दबाव

क्रिसमस और नए साल के जश्न के साथ ही हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति की ओर जाने वाली सड़कों पर हर तरफ गाड़ियों की कतारें नजर आ रही हैं। क्रिसमस के दिन से ही प्रदेश के एंट्री पॉइंट्स पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और कई जगह ट्रैफिक रेंगता हुआ दिखाई दिया। मनाली में हालात ऐसे रहे कि सड़कें पूरी तरह वाहनों से भर गईं। अनुमान है कि नए साल पर दबाव और बढ़ सकता है।

राजधानी शिमला में बुधवार से विंटर कार्निवल की शुरुआत हो चुकी है, जिसके चलते पर्यटकों की संख्या में और इजाफा हुआ है। प्रशासन के अनुसार क्रिसमस से न्यू ईयर तक रोजाना 8 से 10 हजार वाहन शिमला पहुंच सकते हैं। करीब 3 से 4 लाख सैलानियों की संभावित आमद को देखते हुए शहर को पांच सेक्टरों में बांटकर 2 जनवरी तक विशेष ट्रैफिक और सुरक्षा योजना लागू की गई है। कानून-व्यवस्था संभालने के लिए 400 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।

लाहौल-स्पीति के ग्रांफू स्नो पॉइंट पर 4×2 वाहनों को अनुमति मिलने से यहां भी सैकड़ों गाड़ियां पहुंच रही हैं। हालांकि रोहतांग पास और शिंकुला में सिर्फ 4×4 वाहनों की अनुमति है। मैदानी इलाकों में बढ़ते प्रदूषण और नए साल की छुट्टियों के कारण पहाड़ों की ओर बढ़ रहा यह रुझान आपदा से जूझ रहे प्रदेश के पर्यटन और कारोबार के लिए राहत की खबर माना जा रहा है।