Uttar Pradesh

यूपी TET परीक्षा स्थगित, मई में संभावित नई तारीखें

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 28 और 29 जनवरी को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) को स्थगित कर दिया है। आयोग की बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि टीईटी के लिए अभी तक विज्ञापन जारी कर आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है, ऐसे में जनवरी में परीक्षा कराना संभव नहीं था। मंगलवार को नए अध्यक्ष प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में हुई पहली बैठक में परीक्षाओं के आयोजन को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। हालांकि, किसी भी परीक्षा की अंतिम तिथि घोषित नहीं की गई, लेकिन आयोग ने संकेत दिए हैं कि टीईटी परीक्षा मई के मध्य में आयोजित की जा सकती है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि टीईटी के साथ-साथ टीजीटी और पीजीटी भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा, ताकि भविष्य में परीक्षाओं को लेकर होने वाली देरी और भ्रम से बचा जा सके। परीक्षा नियंत्रक को अन्य भर्ती संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर केंद्रों के चयन और परीक्षा एजेंसी तय करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, आयोग ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए आंतरिक विजिलेंस प्रणाली लागू करने और सतर्कता अधिकारी की नियुक्ति का फैसला भी लिया है। आयोग का कहना है कि शीतावकाश के बाद नई तारीखों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।